मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए

मध्यप्रदेश/भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कटनी और सिवनी जिले में हुए अग्नि हादसों पर दुख जताया है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन की कामना की है। इसके साथ ही सीएम ने मृतकों के परिवारवालों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है।

सीएम डॉ मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (X) पर पोस्ट कर लिखा- दीपावली पर्व पर कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की दुखद घटना में दो परिवारों के कई सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सिवनी में छह लोग जिंदा जले…

आपको बता दें कि दीपावली की रात मध्य प्रदेश में दो बड़े हादसे हुए। पहला सिवनी जिले के छपारा थाना अंतर्गत महावीर वार्ड क्रमांक 07 में जैन मंदिर के पास तड़के करीब 4 से 4:30 बजे कुंदन सोनी के मकान में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे के वक्त घर में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। आग की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

वहीं कटनी के बरही में रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में दो माह के मासूम समेत छह लोगों की जान चली गई। रातभर आग की लपटों से घिरी इमारत के भीतर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे परिवार को बचाने की कोशिशें चलती रहीं। लेकिन छह अनमोल जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो गईं। सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के 2 सदस्यों को बाहर निकाला गया। घटनास्थल का मंजर इतना हृदयविदारक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button