Raipur : दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन पर एक और FIR दर्ज

छत्तीसगढ़/रायपुर : होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन दोनों के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में एक और FIR दर्ज की गई है। इस बार मामला होटल की संपत्ति पर कब्जा करने, नगर निगम की सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश करने से जुड़ा है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने दंपती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 8 धाराओं में मामला दर्ज किया है।
सरिता बाजपेयी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्होंने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इस संपत्ति में ‘होटल बेलाकासा श्री’ का संचालन किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से इसे दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया। लीज की अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी। शिकायत के मुताबिक, पिछले करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। वहीं, प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।
6 नवंबर को बिलासपुर पुलिस ने किया था गिरफ्तार…
गौरतलब है कि दीपक टंडन को इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर जिले की सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह मामला AI की मदद से तस्वीरों में कथित छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से जुड़ा है। अब रायपुर में होटल संपत्ति विवाद को लेकर दर्ज हुई नई FIR के बाद दीपक टंडन और उनकी पत्नी की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
नगर निगम की सील तोड़ने का आरोप…
शिकायतकर्ता सरिता बाजपेयी के मुताबिक, 23 अगस्त को जब वे संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। इस संबंध में नगर निगम में शिकायत की गई, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया। FIR में बताया गया है कि 30 सितंबर को संपत्ति की चाबी सौंपने को लेकर बातचीत हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोली और पंचनामा तैयार किया।
BNS की 8 धाराओं में FIR दर्ज…
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि 27 अक्टूबर को जब सरिता बाजपेयी अपने एक साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके साथियों ने मेन गेट सहित अंदर के ताले तोड़ दिए। इसके बाद सभी जबरन संपत्ति में घुस गए। शिकायतकर्ता ने दंपती और उनके साथियों पर अश्लील हरकत करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। तेलीबांधा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक टंडन, बरखा टंडन और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।



