दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर CM डॉ. मोहन यादव ने कहा, अगले चुनाव में पूरी ताकत से उतरेंगे

मध्यप्रदेश/भोपाल : दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और पार्टी इसे पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया सीट पिछले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के पास थी और इस उपचुनाव में भी कांग्रेस ने उसे बरकरार रखा है। हालांकि भाजपा ने इस बार पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 1,700 अधिक वोट प्राप्त किए हैं, जो पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा की हालिया चुनावी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी ने प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसके अलावा बुधनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की और अमरवाड़ा में कांग्रेस की सीट भी अपने नाम की। हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में भी भाजपा ने तीनों सीटों पर विजय प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दल जनता के बीच अपनी बात रखते हैं। भाजपा ने भी पूरी ताकत से चुनाव लड़ा और कांग्रेस ने भी अपना पक्ष रखा। जनता ने जो फैसला दिया है, उसे भाजपा शिरोधार्य करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस परिणाम की समीक्षा करेगी और आने वाले सभी चुनाव पूरी मजबूती और नई रणनीति के साथ लड़ेगी।



