छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के बड़े रैकेट का सरगना अरुण पन्नालाल, इसकी पूरी हिस्ट्री जांचनी चाहिए- अजय चंद्राकर

छत्तीसगढ़/रायपुर : अभद्र टिप्पणी करने पर क्रिश्चन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी तो एक घटना मात्र हैं. दरअसल, छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के बड़े रैकेट का अरुण पन्नालाल सरगना है, जिसकी पूरी हिस्ट्री जांचनी चाहिए.
विदेशी फंडिंग के यहां के सरगना अरुण पन्नालाल…
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि अरुण पन्नालाल खुद कब धर्मांतरित हुए? कितने संस्थाओं से उन्हें पैसे मिले? इसका उपयोग कहां हुआ? आजीविका कैसे चल रही है? ऐसे सारे विषय में प्रशासन को जांच करना चाहिए. विदेशी फंडिंग के यहां के सरगना हैं पन्नालाल. मैं मांग करता हूं कि इस घटना की उच्च स्तरीय जाँच की जाए.
कांग्रेस जिलाध्यक्षों की रैंकिंग पर वार-पलटवार..
ट्रेनिंग के बाद अब कांग्रेस जिलाध्यक्षों को पार्टी हाईकमान के रैंकिंग देने पर अजय चंद्राकर ने कहा कि राहुल गांधी के पास अभी समय नहीं हैं. वो सोशल मीडिया में पेट्रोलियम गाड़ी का ढक्कन खोलने, बंद करने में व्यस्त हैं, ऐसे में रैंकिंग के लिए समय कहां होगा.
उन्होंने कहा कि रैंकिंग की बात फर्जी समाचार है, ऐसा मुझे लगता है. दरअसल, कांग्रेस के पास ना कार्यकम है, ना उद्देश्य है, और ना ही विजन है. किसी तरह से अपने चले आ रहे कैडर को व्यस्त रखना है. तो उठक-बैठक कराते रहते हैं, और कुछ नहीं है.
कमिश्नरेट पर सांसद के सुझाव से नहीं इत्तेफाक…
रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने को लेकर सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल के पत्र को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने जो पत्र लिखा है, वह मैने भी पढ़ा है. नई व्यवस्था को सेट होने में टाइम लगेगा. रायपुर को टुकड़ों में नहीं बांटना चाहिए. कमिश्नर प्रणाली के अंतर्गत पूरे शहर को रखना चाहिए.



