इंदौर में ब्यूटीशियन के आत्महत्या मामले में कारोबारी गिरफ्तार…

मध्य प्रदेश/ इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में होटल के रूम नंबर 101 में एक ब्यूटीशियन ने बीते दिनों आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही विभिन्न पहलुओं पर उससे पूछताछ की जा रही है।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक 38 वर्षीय ब्यूटीशियन सोनाली शर्मा और दीपक खंडेलवाल ने होटल का कमरा बुक किया था। कमरे में करीब आधे घंटे तक महिला रुकी थी और फिर अचानक दीपक बाहर आया और होटल कर्मचारियों को बताया कि उनके साथ में रुकी हुई महिला का स्वास्थ्य खराब हो गया है, उन्हें अस्पताल ले जाना है। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम कराया था जिसकी रिपोर्ट में फांसी लगाकर आत्महत्या की बात सामने आई थी। पुलिस ने परिजन की शिकायत और अन्य सबूत के आधार पर दीपक खंडेलवाल के खिलाफ आत्महत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है और उसकी गिरफ्तारी भी कर ली गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला के पति ब्यावर में रहते थे और महिला अपने दो बच्चों के साथ अपने पिता के यहां रहती थी। दीपक खंडेलवाल से पिछले कई महीनों से उसकी बातचीत थी। फिलहाल पुलिस अभी मामलों में सबूत जुटा रही है।



