देवास : सेवा संकल्प अभियान : PM मोदी से बाइकर्स का संवाद: CM मोहन ने 35.42 लाख हितग्राहियों को बांटे ₹212.57 करोड़…

मध्यप्रदेश/देवास। देवास जिले के पुंजापुरा में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल राइडर्स से वर्चुअल संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। वहीं, राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों के बैंक खातों में 212.57 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए।
पीएम मोदी से दीपेश गोटी ने साझा किया यात्रा का अनुभव
पुंजापुरा में बाइक यात्रा के सेवा यात्री दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद के दौरान अब तक की यात्रा के अनुभव साझा किए।
शाजापुर जिले के निवासी गोटी ने बताया कि यात्रा के दौरान दूसरे राज्यों के युवाओं से मिलने, उनकी भाषाएं सीखने और अलग-अलग संस्कृतियों को समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मुलाकात हुई है।
साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को नमो ऐप से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है।प्रधानमंत्री ने वड़नगर में स्थानीय लोगों से संपर्क बढ़ाने को लेकर भी सवाल किया। इस पर गोटी ने बताया कि व्यापार और व्यवसाय की दृष्टि से उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों के मोबाइल नंबर लिए हैं। प्रधानमंत्री ने इस पर प्रसन्नता जताई और कहा कि मध्यप्रदेश के युवा अब व्यापार और स्वरोजगार की ओर भी रुचि दिखा रहे हैं।
25 सेवा कार्यों का लिया जा रहा संकल्प
- मध्यप्रदेश युवा मोर्चा की ओर से सेवा संकल्प यात्रा में ‘माय प्रॉमिस टू मोदी जी’ नवाचार किया गया है।
- इसके तहत 25 सेवा कार्य निर्धारित किए गए हैं।
- यात्रा में शामिल प्रत्येक सेवा यात्री को इनमें से किसी एक सेवा कार्य का संकल्प दिलाया जा रहा है।
- 17 सितंबर को वाराणसी से वड़नगर के लिए रवाना हुई इस यात्रा में 250 बाइक और 500 सेवा यात्री शामिल हैं।
- यात्रा विभिन्न राज्यों के जिलों और गांवों से होकर गुजरात के वड़नगर पहुंचेगी।
- यात्रा के दौरान सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं।
यात्राओं का हमारी संस्कृति में विशेष महत्व : सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वड़नगर से वाराणसी तक युवाओं की बाइक यात्रा निकाली जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से यात्राओं का विशेष महत्व रहा है। सेवा यात्रा के माध्यम से सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों की सेवा के संकल्प के साथ अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में आशा, उमंग और आनंद आए।
25 सितंबर से फिर शुरू होंगी राज्य परिवहन निगम की बसें
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में करीब 20 साल से बंद राज्य परिवहन निगम के अंतर्गत बसों के संचालन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 5 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है और हाइवे व एक्सप्रेसवे का भी तेजी से विस्तार हो रहा है।
राज्य परिवहन निगम की बसें नगरीय निकायों के साथ एक शहर से दूसरे शहर और दूसरे राज्यों तक भी संचालित की जाएंगी। ग्रामीण आबादी को भी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का लाभ देने की बात सीएम ने कही।
किसानों और लाड़ली बहनों को लेकर भी सीएम ने गिनाईं योजनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचित कृषि भूमि का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसानों से एमएसपी पर 40 रुपए बोनस के साथ 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा गया है।
लाड़ली बहना योजना को लेकर सीएम ने कहा कि पात्रता रखने वाली जिन महिलाओं को अभी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, अगले वर्ष उनके नाम भी जोड़े जाएंगे।
स्कूल शिक्षा का बजट 38 हजार करोड़…
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं और बच्चों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर देने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी, साइकिल, किताबें और छात्रवृत्ति दी जा रही है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्कूल शिक्षा का बजट 38 हजार करोड़ रुपए किया है।
साथ ही पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में कुल 85 हजार नए पदों पर भर्ती का काम किया जा रहा है।
कर्णावद में पुलिस सहायता केंद्र बनेगा थाना…
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्णावद के पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाने में परिवर्तित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शासकीय आवास और खाद व अन्य सामग्री के भंडारण के लिए सरकारी गोदाम के निर्माण की अनुमति एवं आवश्यक राशि स्वीकृत की जाएगी।
पुलिस बल के लिए भी आवास की व्यवस्था करने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर से लेकर जवान तक 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है।
35.42 लाख पेंशन हितग्राहियों को मिली राशि…
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सबसे प्रमुख हिस्सा सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े हितग्राहियों को राशि का अंतरण रहा। मुख्यमंत्री ने 35.42 लाख हितग्राहियों के खातों में 212.57 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए। राशि खातों में पहुंचने के साथ कार्यक्रम में मौजूद हितग्राहियों ने सरकार की इस पहल पर प्रसन्नता जताई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही और सेवा संकल्प अभियान से जुड़े युवाओं से संवाद भी किया।



