छत्तीसगढ़

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने हैदराबाद एयरपोर्ट से अभिषेक को किया गिरफ्तार…

छत्तीसगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वॉन्टेड आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI ने आरोपी को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उस वक्त पकड़ा, जब वह दुबई से भारत पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हैदराबाद के स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया।

अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने की गतिविधियों में शामिल… 

जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी अभिषेक कुमार की महादेव बुक के पैनल कोऑर्डिनेट करने और फंड इकट्ठा करने में अहम भूमिका थी। उस पर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करने का भी आरोप है। CBI की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने की गतिविधियों में शामिल था।

रायपुर कोर्ट से मिली 2 दिन की रिमांड…

हैदराबाद से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाए जाने के बाद आरोपी अभिषेक कुमार को रायपुर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने CBI को आरोपी की 2 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। इसके बाद जांच एजेंसी आरोपी से मामले से जुड़े नेटवर्क, लेनदेन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

13 FIR के आधार पर जांच…

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज 13 FIR के आधार पर CBI पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर समेत छत्तीसगढ़ के कुछ सरकारी कर्मचारियों के नाम भी आरोपी के तौर पर सामने आए हैं।

100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट…

CBI की ओर से अब तक करीब 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट कोर्ट में पेश की जा चुकी है। जांच एजेंसी अब गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार से पूछताछ के जरिए महादेव सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क, फंडिंग और अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button