8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन में पहुंचे अफ्रीका, केन्या, इथोपिया, जर्मनी, अमेरिका सहित नेपाल से रनर्स…9 अगस्त रविवार सुबह 6 बजे से शुरू होगी दौड़

– देश-विदेश से पहुंचे रनर्स, रविवार सुबह 6 बजे से लगाएंगे दौड़
– सुबह 6 बजे से शुरू होगी 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन
– रविवार को आबू रोड से माउंट आबू मार्ग सुबह 5.30 बजे से 9 बजे तक रहेगा बंद
– पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी मैराथन
– सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया और संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे उद्घाटन
आबूरोड। 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन की शनिवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। रविवार को आबू रोड से माउंट आबू मार्ग सुबह 5.30 बजे से 9 बजे तक यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। सुबह 6 बजे सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया और ब्रह्माकुमारीज़ के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही चार हजार से अधिक रनर्स जमीन से पहाड़ तक 21.9 किमी की दौड़ लगाएंगे। विजेता प्रतिभागियों को तीन श्रेणियों में पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
बता दें कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में यह हॉफ मैराथन आयोजित की जा रही है।
मैराथन के संयोजक बीके सचिन भाई ने बताया कि 9 अगस्त को मनमोहिनीवन से सुबह 6 बजे शुभारंभ होगा। मैराथन में अफ्रीका, केन्या, इथोपिया, जर्मनी, अमेरिका सहित नेपाल से भी रनर्स भाग ले रहे हैं। मैराथन में वालेंटियर सेवा और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए आबूरोड और माउंट आबू के सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। और सीआरपीएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। सभी प्रतिभागियों को सुबह 5 बजे ट्रैक पर पहुंचना जरूरी है।
राजयोग मेडिटेशन रिट्रीट आयोजित-
रनर्स के लिए विशेष थ्रीएम राजयोग मेडिटेशन रिट्रीट का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि एक रनर्स का शारीरिक रूप से फिट होना जितना जरूरी है, उतनी ही मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी स्वस्थ होना जरूरी है। मन शक्तिशाली होगा तो मंजिल और लक्ष्य को प्राप्त करना आसान हो जाता है। संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी ने कहा कि अपने जीवन में राजयोग मेडिटेशन को शामिल करेंगे तो जीवन सुखदायी बन जाएगा। परमात्मा का साथ और मदद हर मोड़ पर आपको विजयी बनाएगी।
राजयोग प्रशिक्षक बीके सूरज भाई ने रनर्स को जीवन में सकारात्मक चिंतन बढ़ाने और परमात्मा की मदद लेने की छोटी-छोटी विधियां बताईं।
सीए बीके ललित भाई ने कहा कि आप सभी यहां से जीवन में बदलाव के लिए एक संकल्प लेकर जरूर जाएं।
इस मौके पर अभियंता प्रभाग के अध्यक्ष बीके मोहन सिंघल भाई, वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई, बीके नारायण भाई, बीके शिविका बहन, बीके भानु भाई, बीके अमरदीप भाई ने भी अपने विचार व्यक्त किए।



