प्रधानमंत्री 2 अगस्त को करेंगे नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का वर्चुअली शुभारंभ

प्रधानमंत्री 2 अगस्त को करेंगे नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का वर्चुअली शुभारंभ
– देशभर के दस प्रमुख रिट्रीट सेंटर्स से भी करेंगे सीधा संवाद
– शांतिवन में आयोजित लाइव कार्यक्रम में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष और कलेक्टर-एसपी भी रहेंगे मौजूद
– ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा देशभर में 2 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाया जाएगा विशेष नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान
आबूरोड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को प्रात: 10.30 बजे नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का वर्चुअली शुभारंभ करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री ब्रह्माकुमारीज़ के दस प्रमुख रिट्रीट सेंटर्स पर भी सीधा संवाद करेंगे। साथ ही मुख्यालय शांतिवन के डायमंड हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ दिल्ली से युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी वर्चुअली संबोधित करेंगे।
इस मौके पर राजस्थान सरकार के पंचायती राज, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, एसडीएम रामस्वरूप जौहार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व विद्यार्थी मौजूद रहेंगे।
अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि कार्यक्रम में सभी अतिथियों की मौजूदगी में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाए जा रहे दस करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ भी किया जाएगा। भारत काे नशामुक्त बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आंदोलन के रूप में यह महाअभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत देशभर के छह हजार सेवाकेंद्रों और 50 हजार पाठशालाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
युवाओं को नशे से दूर रखना अभियान का उद्देश्य-
बता दें कि नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा एक राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
रिट्रीट सेंटर्स पर होगा लाइव प्रसारण-
रविवार को मुख्यालय शांतिवन के अलावा संस्थान के विभिन्न रिट्रीट सेंटर्स जीजीआरसी अहमदाबाद, लखनऊ, नागपुर, रायपुर, मदुरई, पानीपत, कोलकाता, अगरतला, हैदराबाद, गुवाहाटी और गोवा में प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण पर मेगा इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में संबंधित प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्री अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संवाद किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेज से लेकर सामाजिक संगठनों में कराएंगे प्रतिज्ञा-
मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने बताया कि संस्थान द्वारा देशभर में विशेष रूप से 2 अगस्त से 20 अगस्त तक नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान चलाया जाएगा। इसमें दस करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराने का संकल्प रखा गया है। इसके तहत स्कूल-कॉलेज, विश्वविद्यालय, समाजसेवी संगठन, निजी-सरकारी कार्यालय, लायंस-रोटरी क्लब, छात्रावास, होस्टल, कंपनी, इंडस्ट्रीज, निजी फर्म, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गांव से लेकर चौक चौराहों पर लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराई जाएगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
अभियान की प्रमुख गतिविधिया-
नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम
राष्ट्रीय स्तर की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
वाद-विवाद प्रतियोगिताएं
चित्रकला और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं
लघु फिल्म और रील निर्माण प्रतियोगिताएं
लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक
कार्यक्रम
खेल प्रतियोगिताएं और फिटनेस अभियान
परामर्श सत्र और विशेषज्ञ व्याख्यान
सोशल मीडिया जागरूकता अभियान



