देश-विदेश

8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन ने दिया विश्व बंधुत्व और विश्व शांति का संदेश

– अरावली की पहाड़ियों को नापते हुए तीन हजार रनर्स पहुंचे फिनिशिंग पाइंट पांडव भवन

– चार हजार रजिस्ट्रेशन में से 3500 ने लगाई दौड़

– वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं में भी रहा भारी उत्साह

– मैराथन से दिया विश्व बंधुत्व और विश्व शांति का संदेश

– ओलंपिक मैराथन धावक खेता राम ने बढ़ाया हौसला

आबूरोड। घड़ियों की सूईयां जैसे ही सुबह के 6 बजे पहुंची रनर्स पूरे जोश, जज्बे और उत्साह के साथ अरावली की पहाड़ियों को नापने दौड़ पड़े। 3500 रनर्स स्टार्टिंग पाइंड मनमोहिनीवन पहंुचे, जिसमें से 3000 प्रतिभागियों ने 21.9 किमी की दौड़ पूरी कर फिनिशिंग पाइंट माउंट आबू पांडव भवन को छुआ। मौका था ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा आयोजित 8वीं दादी प्रकाशमणि आबू हॉफ मैराथन का। मैराथन में रास्तेभर कई अनोखे नजारे देखने को मिले। 18 साल के छात्र-छात्राओं से लेकर 70 साल के वरिष्ठ नागरिकों ने दौड़ में पूरे जज्बे के साथ भाग लिया। कई रनर्स जोड़े पति-पत्नी भी शामिल हुए। कई प्रतिभागी हाथ में तिरंगा और शिव बाबा का ध्वज लेकर दौड़े। अतिथियों ने हरी झंडी और शिव ध्वज दिखाकर मैराथन को रवाना किया।

बता दें कि संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19वें पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में यह मैराथन आयोजित की गई थी। पूरे विश्व में भारतीय सनातन संस्कृति अध्यात्म और राजयोग का संदेश देने में दादी ने अपना पूरा जीवन लगा दिया।

मुख्य अतिथि ओलंपिक मैराथन धावक खेता राम ने कहा कि दौड़ में सभी रनर्स अपना पूरा दमखम दिखाएं। इसे एंजॉय के रूप में लें। दौड़ में शारीरिक शक्ति के साथ मानसिक शक्ति का भी बड़ा योगदान होता है। तहसीलदार रणाराम राणा ने कहा कि इतनी संख्या में रनर्स को देखकर खुशी हो रही है।

संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि रनर्स पूरे उमंग-उत्साह के साथ दौड़े। मन को मजबूत रखें। मेरी शुभभावना है कि सभी माउंट आबू तक पहुंचे। इसी संकल्प के साथ दौड़ लगाएं कि हम तो जीते हुए हैं।

मैराथन से दिया विश्व बंधुत्व का संदेश-

अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि विश्व बंधुत्व की भावना का संदेश देने के लिए यह मैराथन आयोजित की जा रही है।

वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके ऊषा दीदी ने कहा कि इस संकल्प के साथ दौड़े की सफलता हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। मुझे सफल होना ही है।

मेडिकल विंग के सचिव बीके बनारसी भाई ने सभी रनर्स को जीवन में सदा नशामुक्त रहने और दूसरों को भी नशे से जागरूक करने की प्रतिज्ञा कराई।

सात घूम तक छंटने लगी भीड़-

आबूरोड से सभी प्रतिभागी बड़े ही उत्साह के साथ दौड़े लेकिन सात घूम आते ही रनर्स की भीड़ कम होने लगी। आधे प्रतिभागी यहां से ही थकान महसूस करने लगे और कदम धीमे हो गए। वहीं प्रोफेशनल रनर्स ने शुरुआत धीमी की और जैसे-जैसे ऊपर पहाड़ियों की ओर बढ़े तो धीरे-धीरे उन्होंने कदमों की चाल बढ़ाई।

हर किमी पर बनाए रिफ्रेशमेंट पाइंट-

मैराथन के संयोजक बीके सचिन भाई ने बताया कि चार घंटे में फिनिशिंग पाइंट पहुंचने वाले सभी रनर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। रास्ते में हर एक किमी पर रिफ्रेशमेंट पाइंट बनाए गए थे। सात घूम पर ट्रेकिंग पाइंट बनाया गया। पूरे समय हर एक प्रतिभागी पर नजर रखी गई।

पुलिस और सीआरपीएफ जवानों से संभाली सुरक्षा-

पूरे रुट पर पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे। सुरक्षा-व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया। आबूरोड से सुबह 5.30 बजे से 7.30 बजे तक यातायात बंद रहा। वार्म अप स्पोर्ट्स परफॉर्मेंस कोच सुश्री भावना ने कराई। सफाई विभाग के प्रभारी बीके जगदीश भाई ने स्वागत भाषण दिया। संचालन मीडिया विंग की मुख्यालय संयोजिका बीके चंदा बहन और बीके भानू भाई ने किया।

ये भी रहे मौजूद –
इस मौके पर सदर थाना सर्किल इंस्पेक्टर प्रदीप डागा, आबू रोड सिटी थाना सर्किल इंस्पेक्टर हरचंद देवासी, सीए बीके ललित भाई, बीके हरिलाल भाई, वरिष्ठ राजयोगी प्रकाश भाई, आवास निवास के प्रभारी बीके देव भाई, बीके रूपा बहन, बीके ज्योति बहन, बीके सतेंद्र भाई, बीके मोहन भाई, बीके अमरदीप भाई, बीके नितिन भाई, बीके रामसुख मिश्रा भाई सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button