PM मोदी ने भारत के सभी नागरिकों से की अपील…पेट्रोल, डीजल और गैस का बहुत संयम से करें इस्तेमाल।

तेलंगाना/हैदराबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 10 मई, 2026 को पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच भारत के सभी नागरिकों से पेट्रोलियम उत्पादों का संयम के साथ इस्तेमाल करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि भारत बड़े पैमाने पर ईंधन आयात करता है, इसलिए पेट्रोल, डीजल और गैस का सोच-समझकर इस्तेमाल करना जरूरी है।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 9,377 करोड़ रुपये की लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा, ‘आज समय की मांग है कि पेट्रोल-डीजल और गैस जैसी चीजों का बहुत संयम से इस्तेमाल किया जाए. हमें आयात किए जाने वाले पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल सिर्फ जरूरत के अनुसार करना चाहिए. इससे न सिर्फ विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि युद्ध के दुष्प्रभाव भी कम होंगे.’
पीएम मोदी की यह यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते भारत ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि भारत रिन्यूएबल और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. सौर ऊर्जा के उत्पादन में भारत दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो चुका है. साथ ही पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देकर आयात होने वाले ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी अभूतपूर्व प्रगति हुई है.
पीएम मोदी ने ऊर्जा रणनीति पर दिया जोर…
ऊर्जा रणनीति पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘सरकार का पहला लक्ष्य हर घर तक एलपीजी पहुंचाना था और अब सस्ती पाइप्ड गैस (PNG) आपूर्ति के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है. केंद्र सरकार CNG आधारित इकोसिस्टम को भी सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है, ताकि ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाई जा सके.’
केंद्र सरकार के 5F विजन के तहत बना पीएम मित्रा पार्क…
करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से बना काकतिया मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूर्ण रूप से कार्यरत पीएम मित्रा पार्क है. यह केंद्र सरकार के ‘5F’ विजन (Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign) को साकार करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, ताकि कपड़ा उद्योग की पूरी वैल्यू चेन मजबूत हो और निर्यात को बढ़ावा मिल सके।



